जबलपुर/खबर डिजिटल/मनीष तिवारी। जबलपुर के मदन महल रेलवे स्टेशन Jabalpur Madan Mahal Railway Station पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर स्थित लिफ्ट में 17 यात्री करीब 50 मिनट तक फंस गए। घटना के दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और लिफ्ट के भीतर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, अमरकंटक एक्सप्रेस से उतरे यात्री अपने भारी सामान के साथ लिफ्ट में सवार हुए थे। अधिक वजन होने के कारण लिफ्ट बीच रास्ते में ही बंद हो गई और उसमें सवार सभी यात्री अंदर फंस गए।
यात्रियों की आवाज सुनकर मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मुख्य रेलवे स्टेशन से लिफ्ट मैकेनिक को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद करीब 50 मिनट में लिफ्ट को ठीक कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। रेलवे प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
