डेस्क। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से मध्य प्रदेश के दौर पर रहेंगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह करीब साढ़े 9 बजे इंदौर पहुंच गई हैं. जहां सीएम मोहन ने उनका स्वागत किया 18 से 22 जून तक चलने वाले इस प्रवास के दौरान वह प्रदेश के कई महत्वपूर्ण धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं।
इंदौर पहुंचीं राष्ट्रपति, सीएम ने किया स्वागत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह इंदौर पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत किया। इंदौर से राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर के जरिए बैतूल रवाना हुईं। यहां वह ब्रह्माकुमारीज द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी।
ओंकारेश्वर में करेंगी दर्शन और संध्या आरती
बैतूल के कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। यहां वह भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी और संध्या आरती में शामिल होंगी। ओंकारेश्वर में उनका रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस में निर्धारित किया गया है।
सिकल सेल एनीमिया दिवस कार्यक्रम में लेंगी हिस्सा
19 जून को राष्ट्रपति अंतर्राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वह इंदौर पहुंचकर पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगी। मध्यप्रदेश दौरे के बीच उनका पश्चिम बंगाल का भी आधिकारिक कार्यक्रम निर्धारित है।
योग दिवस और विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में रहेंगी मुख्य अतिथि
20 जून की शाम राष्ट्रपति जबलपुर पहुंचेंगी और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगी। 21 जून को वह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
कूनो नेशनल पार्क का भी करेंगी भ्रमण
जबलपुर के कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रपति ग्वालियर होते हुए कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी। 21 जून की रात कूनो गेस्ट हाउस में रुकने के बाद 22 जून की सुबह राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करेंगी। इसके बाद ग्वालियर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सभी जिलों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम स्थलों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं ताकि दौरा सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
ये खबर भी पढ़ें..
