Hemant Khandelwal: मध्यप्रदेश के राजनैतिक गलियारों में अपने फैसलों के लिए पहचाने जाने वाले बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने एक मानवीय पहल की शुरुआत की है। अपनों को खो चुके मासूमों को मुख्यधारा में लाने के लिए विजय सेवा न्यास ने एक बड़ा संकल्प लिया है। इस अनूठी योजना के तहत जिले के 59 अनाथ बच्चों की स्कूली शिक्षा से लेकर उनके परिवारों की आर्थिक तंगी को दूर करने की पूरी जिम्मेदारी उठाई गई है।
पुण्य स्मृति में मानवीय संकल्प
पूर्व नेता स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में स्थापित विजय सेवा न्यास द्वारा बेसहारा को सहारा नामक एक सेवा अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान उन बच्चों के लिए वरदान साबित हो रहा है, जिनके माता-पिता या साया गंभीर बीमारी, अचानक हुई दुर्घटना या किसी कारण असमय उठ गया हो। इस कार्य का दायरा लगातार बढ़ रहा है। जहां साल 2025 में इस अभियान के अंतर्गत 41 बच्चों को संबल प्रदान किया गया था, वहीं वर्तमान 2026 में बच्चों की संख्या 59 तक पहुंच चुकी है।
डायरेक्ट फीस पेमेंट
निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे जरूरतमंद बच्चों की फीस का भुगतान सीधे न्यास द्वारा किया जा रहा है। इसके साथ ही किताबों, कॉपियों, यूनिफॉर्म और अन्य सामग्रियों के लिए अलग से नकद आर्थिक सहायता दी जा रही है। बच्चों की देखरेख करने वाले उनके वृद्ध दादा-दादी, नाना-नानी या अन्य अभिभावकों को भी एक पैकेज दिया जा रहा है ताकि घरेलू तंगी पढ़ाई में बाधा न बने। इसके अतिरिक्त, सरकारी स्कूलों या छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों को भी उनकी आवश्यकताओं के लिए मदद दी जा रही है। भाजपा नेता समेत प्रदेश के तमाम नेताओं ने इस प्रयास को एक अनुकरणीय मिसाल बताया है।
