Wednesday, November 4, 2026
Homeमध्यप्रदेशअनजान पिता के पीछ-पीछे चला गया मासूम... 5 दिन बाद जंगल में...

अनजान पिता के पीछ-पीछे चला गया मासूम… 5 दिन बाद जंगल में मिला शव

डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ डिंडौरी जिले के करंजिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तरेरा गांव से बीते 5 दिनों से लापता पांच वर्षीय मासूम इमरान खान का शव सोमवार, 22 जून को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में कई टुकड़ों में बरामद हुआ।

​पिता के पीछे निकल गया था मासूम

मिली जानकारी के अनुसार, तरेरा गांव के रहने वाले इख्तियार खान बीते बुधवार, 17 जून की सुबह लगभग चार बजे लकड़ी बीनने के लिए पास के जंगल में गए थे। इसी दौरान उनका पांच साल का बेटा इमरान खान नींद से जागा और अपने पिता के पीछे-पीछे चुपचाप जंगल की तरफ चल दिया। सुबह का वक्त होने के कारण परिजनों को लगा कि बच्चा अपने पिता के साथ ही गया है, वहीं पिता इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि उनका मासूम बेटा उनके पीछे आ रहा है। ​जब इख्तियार खान जंगल से लकड़ी लेकर वापस घर लौटे और उन्होंने इमरान के बारे में पूछा, तब जाकर परिजनों को समझ आया कि बच्चा लापता हो चुका है।

करंजिया थाने में दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

​बच्चे के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर आसपास के इलाकों और जंगलों में काफी खोजबीन की, लेकिन मासूम का कहीं कोई सुराग नहीं लगा। थक-हारकर परिजनों ने करंजिया थाने में बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस बल और ग्रामीणों द्वारा लगातार जंगल और संभावित ठिकानों पर सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे की तस्वीरें और जानकारी साझा कर लोगों से मदद की अपील की गई थी।

जंगल में मिला क्षत-विक्षत इमरान का शव

​सोमवार को पुलिस और स्थानीय लोगों की तलाश उस वक्त एक खौफनाक सच में बदल गई, जब गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर घने जंगल में मासूम इमरान का शव क्षत-विक्षत और कई टुकड़ों में मिला। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि यह किसी क्रूर वारदात या फिर किसी हिंसक वन्य प्राणी का शिकार होने का मामला हो सकता है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। ​पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट