Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशडॉक्टरों के नाम पर कथित अवैध क्लीनिक संचालन, स्वास्थ्य विभाग पर उठे...

डॉक्टरों के नाम पर कथित अवैध क्लीनिक संचालन, स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

कान्हीवाड़ा में स्वास्थ्य विभाग की नाक के नीचे बड़ा खेल: एमबीबीएस डॉक्टरों के नाम की आड़ में 'रमेश सरकार' चला रहा अवैध क्लीनिक

कान्हीवाड़ा/खबर डिजिटल/संतोष वन्देवार/ सिवनी जिला मुख्यालय के समीपस्थ कान्हीवाड़ा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही और मिलीभगत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक कथित झोलाछाप डॉक्टर रमेश सरकार द्वारा क्षेत्र के भोले-भाले मरीजों की जिंदगी के साथ सरेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि इस अवैध कृत्य को छुपाने के लिए बाकायदा डिग्रीधारी डॉक्टरों के नाम का सहारा लिया जा रहा है, और स्थानीय स्वास्थ्य अमला पूरी तरह से आंखें मूंदे बैठा है।

बोर्ड पर बड़े डॉक्टरों के नाम, अंदर झोलाछाप का राज

मिली जानकारी के अनुसार, कथित डॉक्टर रमेश सरकार ने अपनी क्लीनिक के सामने एक बड़ा बोर्ड लगा रखा है। इस बोर्ड पर डॉ. सत्यम कमरे (हड्डी रोग विशेषज्ञ, MBBS)डॉ. उमेश कुमार (MBBS)और डॉ. शबाना खान (BHMS)** के नाम दर्ज हैं, ताकि क्षेत्र की जनता को यह भरोसा हो सके कि यहाँ उच्च शिक्षित डॉक्टरों द्वारा इलाज किया जाता है।

लेकिन धरातल की सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है। स्थानीय सूत्रों और पड़ताल में यह बात सामने आई है कि डॉ. सत्यम कमरे और डॉ. उमेश कुमार कान्हीवाड़ा के इस क्लीनिक में कभी अपनी सेवाएं देने आते ही नहीं हैं। उनकी अनुपस्थिति में कथित डॉक्टर रमेश सरकार खुद ही डॉक्टर बनकर मरीजों की जांच करता है, दवाइयां लिखता है और गंभीर बीमारियों का इलाज करने का ढोंग कर रहा है।

जिम्मेदार सो रहे कुंभकर्णी नींद

इस पूरे फर्जीवाड़े को लेकर क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी CMHO और खंड चिकित्सा अधिकारी BMOकुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। कान्हीवाड़ा जैसे मुख्य क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा चल रहा है, लेकिन आज तक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस क्लीनिक पर छापा मारने या बोर्ड पर लिखे डॉक्टरों की सत्यता जांचने की जहमत नहीं उठाई।

अब देखना यह है कि सिवनी का स्वास्थ्य महकमा जागता है या फिर इसी तरह झोलाछाप डॉक्टरों को संरक्षण देकर किसी बड़े हादसे का इंतजार करता रहेगा।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट