IAS Sanjay Jaju: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए एक रोशन कर देने वाली खबर सामने आई है। भोपाल में पले-बढ़े और यहीं से अपनी उच्च शिक्षा पूरी करने वाले 1992 बैच के आईएएस अधिकारी संजय जाजू अब तेलंगाना राज्य के मुख्य सचिव बनने की दहलीज पर हैं। केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति ने उन्हें उनके मूल कैडर राज्य तेलंगाना वापस भेजने का आदेश जारी कर दिया है। सूत्रों और सचिवालय की खबर के अनुसार, तेलंगाना सरकार के अनुरोध पर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने यह कदम उठाया है, जिसके बाद उन्हें राज्य का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किया जाना पूरी तरह तय माना जा रहा है।
खत्म हो रहा कार्यकाल
दरअसल, तेलंगाना के वर्तमान मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव 1 मई 2025 से इस पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका कार्यकाल आगामी 30 जून 2026 को समाप्त होने जा रहा है। राव की सेवानिवृत्ति के बाद संजय जाजू को केंद्र से तेलंगाना वापस बुलाया गया है।
कौन है संजय जाजू?
आपको बता दें कि आईएएस संजय जाजू केंद्र सरकार में कई बड़े मंत्रालयों के कमान संभाल चुके हैं। संजय जाजू वर्तमान में केंद्र सरकार के उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय के सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्हें इसी साल मार्च 2026 में इस पद की कमान सौंपी गई थी। DONER मंत्रालय से पहले वे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव के पद पर कार्यरत थे। यह भी बता दें कि जाजू मूल रूप से झीलों की नगरी भोपाल के रहने वाले हैं।
