खबर डिजिटल/इंदौर/नरेन्द्र महावर: इंदौर में धोबी घाट पर प्रस्तावित मेले के आयोजन पर नगर निगम ने रोक लगा दी है। मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की वर्चुअल बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की।
केवल ताजिए ठंडे करने की रहेगी अनुमति
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि धोबी घाट पर सिर्फ धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजिए ठंडे करने की अनुमति दी जाएगी। यहां किसी भी प्रकार के मेले का आयोजन नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर जानकारी आने के बाद हुई समीक्षा
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली थी कि ताजिए ठंडे करने के साथ मेले की अनुमति भी दी गई है। इसके बाद पूरे मामले की समीक्षा के लिए मेयर इन काउंसिल की विशेष बैठक बुलाई गई।
पिछले साल नियमों का पालन नहीं हुआ
बैठक में पिछले वर्ष हुए आयोजन की भी समीक्षा की गई। इसमें सामने आया कि आयोजकों ने अनुमति की कई शर्तों का पालन नहीं किया था। साथ ही मेले के लिए निर्धारित शुल्क भी नगर निगम में जमा नहीं कराया गया था।

तत्काल प्रभाव से रद्द की गई अनुमति
इन सभी तथ्यों को देखते हुए मेयर इन काउंसिल ने मेले की अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी। निगम ने साफ किया कि धोबी घाट पर केवल धार्मिक परंपरा के तहत ताजिए ठंडे किए जा सकेंगे और मेले का आयोजन नहीं होगा।
