MP BJP: मध्यप्रदेश भाजपा में नई नियुक्तियों के ठीक बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र गुना के दो दिवसीय दौरे के पहले ही दिन एक्शन मोड में नजर आए। अपने दौरे के पहले दिन बीते शुक्रवार को स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित जनसुनवाई में महाराज सिंधिया पहुंचे थे। उस दौरान नगर पालिका के वार्डों से लेकर ग्रामीण अंचल से आए लोगों ने केंद्रीय मंत्री को अपनी समस्याए सुनाई और प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही से अवगत कराया।
डूब का और गुस्सा
स्थानीय निवासियों ने सिंधिया को बताया कि वे पिछले कई वर्षों से सड़क, नाली और जलभराव जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। मानसून सिर पर आ चुका है, लेकिन नगर पालिका और स्थानीय अमले ने जलभराव को रोकने के लिए कोई पुख्ता उपाय नहीं किए हैं। रहवासियों ने मांग की कि पहले नदी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जाए और फिर गुनिया नदी का गहरीकरण किया जाए, ताकि गोविंद गार्डन क्षेत्र को इस बार डूब में आने से बचाया जा सके।
महाराज का चड़ा पारा
जनता की पीड़ा सुनते ही महाराज का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही मौजूद गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को तलब कर लिया। सिंधिया ने भरे मंच से कलेक्टर कन्याल को जनता की समस्याओं को तत्काल समाधान निकालने के निर्देश जारी किए, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों के पसीने छूट गए।
परियोजना का शुभारंभ
अपने दौरे के दौरान सिंधिया ने कूनो नदी को पुनर्जीवित करने के लिए स्वीकृत की गई 42 करोड़ रुपये की योजना का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस परियोजना के पूरा होने से पूरे अंचल का वाटर लेवल सुधरेगा और वर्षों पुराने जल संकट से मुक्ति मिलेगी। नदी के संवरने से आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इस पूरी परियोजना के तहत कूनो नदी क्षेत्र में 5.12 क्यूबिक मीटर पानी संग्रहित किया जा सकेगा।
