मध्य प्रदेश में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. स्कूल शिक्षा विभाग ने कुल 5017 शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं. इनमें प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के विभिन्न विषयों के शिक्षकों का चयन किया गया है. विभाग की ओर से 3 और 4 जुलाई को नियुक्ति आदेश जारी किए गए, जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है.
प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को मिली नियुक्ति
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार कुल 5017 पदों में से 4067 अभ्यर्थियों को माध्यमिक शिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है. इनमें हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों के शिक्षक शामिल हैं. इसके अलावा माध्यमिक शिक्षक (खेल) और माध्यमिक शिक्षक (गायन एवं वाद्य) के पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं. वहीं 950 अभ्यर्थियों को प्राथमिक शिक्षक के पद पर नियुक्ति मिली है. इन पदों में खेल, नृत्य तथा गायन एवं वाद्य यंत्र से जुड़े शिक्षक शामिल हैं. विभाग का कहना है कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं.
मंत्री ने दी शुभकामनाएं
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. उन्होंने कहा कि यह सफलता अभ्यर्थियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है. मंत्री ने विश्वास जताया कि नए शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन करेंगे और प्रदेश के विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर रहेगा जोर
उदय प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के भविष्य को दिशा देने का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी नवनियुक्त शिक्षक पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे. मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम होती है. यदि शिक्षक पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे, तो इससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को बेहतर सीखने का वातावरण मिलेगा. उन्होंने सभी शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य देने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान भी किया.
