भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने विभागीय पदोन्नति की प्रक्रिया को तेज करते हुए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग के 217 कर्मचारियों को प्रमोशन दिया है। विभाग ने 5 जुलाई को पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए। इसके साथ ही सीधी भर्ती के 116 नए पद भी खाली हो गए हैं, जिन पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सरकार के इस फैसले से लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश मिलने के बाद उद्योग संचालनालय के विभिन्न संवर्गों की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक जल्द आयोजित की गई। बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर 217 कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए गए।
किन-किन पदों पर मिला प्रमोशन?
जारी आदेश के अनुसार कुल 217 पदों पर पदोन्नति की गई है। इनमें—
- अधीक्षक – 1 पद
- सहायक अधीक्षक – 3 पद
- सहायक वर्ग-1 – 43 पद
- सहायक वर्ग-2 – 131 पद
- सहायक वर्ग-3 – 14 पद
- निज सहायक – 25 पद
116 नए पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती
विभाग का कहना है कि पदोन्नति के बाद सीधी भर्ती के 116 पद खाली हो गए हैं। इन पदों को भरने के लिए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पद भर सकेंगे और युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा।
10 साल बाद कर्मचारियों को मिली राहत
MSME विभाग में करीब 10 साल बाद बड़े स्तर पर पदोन्नति होने से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार का आभार जताया है और इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम बताया है। विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि अधिकारियों की विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की तैयारी पूरी कर ली गई है। जल्द ही मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से बैठक आयोजित कर अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें..
