Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशइंदौर में नगर निगम वाहन से श्वान को कुचलने का आरोप… CCTV...

इंदौर में नगर निगम वाहन से श्वान को कुचलने का आरोप… CCTV फुटेज के आधार पर FIR दर्ज!

इंदौर/खबर डिजिटल/नरेन्द्र महावर/ इंदौर के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक श्वान को नगर निगम के वाहन से कथित रूप से कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पशु प्रेमियों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर नगर निगम के वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सीसीटीवी फुटेज में एक श्वान सड़क पर बैठा दिखाई दे रहा है। इसी दौरान नगर निगम का वाहन उसकी ओर बढ़ता है और श्वान वाहन के नीचे आ जाता है। बताया जा रहा है कि श्वान ने फुर्ती दिखाते हुए किसी तरह खुद को वाहन से बचा लिया। फुटेज में चालक द्वारा वाहन को आगे-पीछे करने की भी बात सामने आई है, जिससे श्वान को नुकसान पहुंचाने का संदेह जताया जा रहा है।

महिला ने पशु प्रेमियों को उपलब्ध कराया फुटेज

अन्नपूर्णा क्षेत्र निवासी निशा चौहान ने घटना की जानकारी पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था की अध्यक्ष प्रियांशु जैन को दी। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराते हुए श्वान के साथ क्रूरता किए जाने की शिकायत की। फुटेज देखने के बाद पशु प्रेमी अन्नपूर्णा थाने पहुंचे और वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फुटेज के आधार पर पुलिस ने की जांच शुरू

शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्नपूर्णा पुलिस ने नगर निगम वाहन चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है और संबंधित चालक की पहचान कर उसे नोटिस जारी किया जाएगा।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद चालक को बयान के लिए थाने बुलाया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहर में श्वानों के साथ क्रूरता की घटनाओं को लेकर पशु प्रेमियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि जागरूकता बढ़ने के बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना गंभीर विषय है।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट