मध्य प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की कवायद के बीच कांग्रेस ने धार जिले में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है. पार्टी ने जिले के नौ नगरों के लिए नए नगर कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है. इन नियुक्तियों को आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन नियुक्तियों को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की स्वीकृति के बाद अंतिम रूप दिया गया है. संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले ने नियुक्तियों की आधिकारिक सूची जारी की. पार्टी का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संगठन को अधिक मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया जा रहा है.
इन नगरों में बनाए गए नए अध्यक्ष
जारी सूची के मुताबिक धरमपुरी नगर कांग्रेस की जिम्मेदारी इरफान मलिक को सौंपी गई है. धामनोद नगर अध्यक्ष के रूप में विजय शर्मा को नियुक्त किया गया है. माण्डव में अजय चंदेसरी को संगठन की कमान मिली है, जबकि कुक्षी में सहदेव पाटीदार को नगर अध्यक्ष बनाया गया है. इसी तरह डही नगर कांग्रेस का नेतृत्व अब छतरसिंह चौगड़ सुरानी करेंगे. मनावर में सुमित खटोड़ को नई जिम्मेदारी दी गई है. बदनावर नगर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में मुकेश होती की नियुक्ति की गई है. सरदारपुर में बलराम यादव को संगठन की कमान सौंपी गई है, जबकि राजगढ़ नगर कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर जीवनसिंह सिसोदिया को जिम्मेदारी मिली है.
संगठन को मजबूत करने की रणनीति
कांग्रेस का मानना है कि नई टीम के गठन से जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी. पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सभी नए पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करें और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखें. इसके साथ ही स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और जनता के बीच पार्टी की मौजूदगी मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि धार जिले में की गई ये नियुक्तियां केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं हैं, बल्कि भविष्य की चुनावी रणनीति का भी हिस्सा मानी जा रही हैं. अब पार्टी की नजर नए पदाधिकारियों के प्रदर्शन पर रहेगी और उम्मीद की जा रही है कि नई टीम कांग्रेस को जिले में और अधिक सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
