खबर digital news रिपोर्टर /कटनी — छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू की 14 दिवसीय धार्मिक पदयात्रा शुक्रवार को कटनी जिले में पहुंच गई। सांसद ने अब तक छिंदवाड़ा, सिवनी और जबलपुर से होते हुए 274 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर ली है और अब यात्रा कटनी के रास्ते मैहर की ओर अग्रसर है।सांसद बंटी विवेक साहू ने 1 जुलाई को छिंदवाड़ा से मां शारदा के दर्शन के उद्देश्य से 375 किलोमीटर लंबी धार्मिक पदयात्रा प्रारंभ की थी। लगातार बारिश, तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम के बावजूद वे अपने संकल्प के साथ यात्रा जारी रखे हुए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई को मैहर पहुंचकर मां शारदा के दरबार में पूजा-अर्चना करेंगे तथा प्रदेश, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं अच्छी वर्षा की कामना करेंगे।कटनी जिले में प्रवेश पर सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े सहित भाजपा के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने सांसद का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में जनपद पंचायत अध्यक्ष रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, जनपद सदस्य नीरज पांडे, अखिल भारतीय असाटी वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय असाटी तथा साहू समाज के पदाधिकारी भी शामिल रहे।यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 10 जुलाई को सांसद का रात्रि विश्राम कटनी स्थित दद्दा धाम में होगा। इसके बाद 11 जुलाई की सुबह यात्रा पुनः प्रारंभ होगी। अंतिम चार दिनों में लगभग 110 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पदयात्रा 14 जुलाई को मैहर पहुंचेगी।पदयात्रा के दौरान सांसद प्रतिदिन मां शारदा की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ यात्रा का शुभारंभ और समापन कर रहे हैं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मार्ग में 10 हजार पंचतत्व सीड बॉल वितरित करने तथा वन विभाग एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से पौधरोपण भी किया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि इस धार्मिक पदयात्रा को लेकर मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी शुभकामना संदेश भेजते हुए इसे जनकल्याण और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने वाली सराहनीय पहल बताया है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
