खबर डिजिटल रिपोर्टर /कटनी– शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात बरही रोड स्थित सिटी मॉल के पास एक बार फिर बदमाशों ने खुलेआम खूनी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घायल युवक कुलदीप टीपा ने बताया कि वह रात के समय सिटी मॉल के पास मौजूद था। इसी दौरान दो से तीन अज्ञात युवकों ने किसी बात को लेकर उससे विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने उसकी कमर पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाके में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि बदमाशों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। नागरिकों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव खबर डिजिटल संवाददाता कटनी
