खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी-– धर्म, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब शहर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयकारों से कटनी शहर गुंजायमान हो उठा।चांडक चौक स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ हुई यह भव्य शोभायात्रा आजाद चौक, शेर चौक, झंडा बाजार, सुभाष चौक और दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग से होते हुए बिलैया तलैया स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का विधिवत समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।शोभायात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा का सुसज्जित रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भव्य रथ के साथ चल रही रंग-बिरंगी एवं आकर्षक झांकियों, पारंपरिक वेशभूषा धारण किए कलाकारों तथा हैरतअंगेज करतब दिखाते दलों ने लोगों का मन मोह लिया। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ भक्ति गीतों और जयघोष के बीच यात्रा में शामिल होते रहे।यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं हिंदू संगठनों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जगह-जगह स्वागत मंच और सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद, शीतल पेय एवं जल वितरित किया गया। कायस्थ समाज के सदस्यों ने भी विशेष स्टॉल लगाकर भगवान के भक्तों को प्रसाद वितरित किया और शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भगवान जगन्नाथ के रथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।भव्य रथयात्रा ने एक बार फिर कटनी की धार्मिक परंपरा, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। श्रद्धालुओं के जोश और उत्साह ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। “जय जगन्नाथ” के उद्घोष के साथ निकली यह शोभायात्रा शहरवासियों के लिए आस्था और भक्ति का अविस्मरणीय उत्सव बन गई।
शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन के द्वारा कड़ी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए
