मध्यप्रदेश भाजपा के लिए गुरुवार का दिन बेहद दुखद रहा. पार्टी को एक ही दिन दो बड़े नेताओं के निधन की खबर मिली, जिससे संगठन में शोक की लहर फैल गई. पहले छिंदवाड़ा से भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष लोकेश डेहरिया के निधन का समाचार सामने आया. इसके कुछ समय बाद धार जिले के कुक्षी से भाजपा की वरिष्ठ आदिवासी नेत्री और नगर परिषद अध्यक्ष रेलम चौहान के निधन की खबर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को गहरे सदमे में डाल दिया.
रेलम चौहान के निधन से संगठन में शोक
रेलम चौहान भाजपा की वरिष्ठ नेता होने के साथ लंबे समय से जनसेवा और संगठन से जुड़ी हुई थीं. उनके निधन की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल बन गया. उन्हें एक सक्रिय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी के रूप में जाना जाता था. उनके निधन को क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है.

भाजपा नेताओं ने जताया दुख
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने रेलम चौहान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह समाचार बेहद पीड़ादायक है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से इस दुख की घड़ी में परिवार को संबल देने की कामना की.
वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वीडी शर्मा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रेलम चौहान का असमय निधन पार्टी और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
जनसेवा में रहा लंबा योगदान
रेलम चौहान का सार्वजनिक जीवन जनसेवा और सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित रहा. वर्ष 2023 में वह कुक्षी नगर परिषद की अध्यक्ष चुनी गई थीं. इससे पहले वह झाबुआ नगर पालिका की अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा चुकी थीं. इसके अलावा उन्होंने आदिवासी वित्त विकास निगम की अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उनके कार्यों की वजह से क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी थी.
लंबे समय से थीं अस्वस्थ
बताया जा रहा है कि रेलम चौहान पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं. इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. उनके जाने से परिवार के साथ-साथ भाजपा संगठन और क्षेत्र के लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है.
लोकेश डेहरिया के निधन से भी पार्टी को सदमा
गुरुवार को ही भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, छिंदवाड़ा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष लोकेश डेहरिया के निधन की खबर भी सामने आई. एक ही दिन पार्टी के दो नेताओं के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
