खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी– नशे के खिलाफ देशव्यापी जनजागरण अभियान चला रहीं केरल की बाइक राइडर सायनी द राइडर सोमवार को कटनी पहुँचीं। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत पूरे भारत का भ्रमण कर रही सायनी का कटनी पुलिस ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उनके अभियान को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।इस दौरान एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सायनी का यह अभियान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम में सायनी ने अपने अनोखे अंदाज में युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने बाइक की गति का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक्सीलरेटर बढ़ाने से वाहन तेज दौड़ता है, उसी तरह नशा व्यक्ति के शरीर और दिमाग पर अनियंत्रित असर डालता है। वहीं सुरक्षित सफर के लिए जैसे ब्रेक जरूरी होता है, वैसे ही जीवन में संयम और विवेक आवश्यक है। नशा इन दोनों को छीन लेता है और व्यक्ति का जीवन धीरे-धीरे विनाश की ओर बढ़ जाता है।सायनी ने युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन से अपील की कि वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कटनी पुलिस ने भी इस अवसर पर लोगों से नशे के खिलाफ जागरूक होकर स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।:
केरल से कटनी पहुँचीं ‘सायनी द राइडर’, बाइक यात्रा से दे रहीं नशामुक्त भारत का संदेश
सम्बंधित ख़बरें
