खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी–शहर में कुछ समय पहले नकली बीड़ी के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई हुई थी। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर भारी मात्रा में बीड़ी जब्त की गई थी और अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने का दावा किया गया था। लेकिन अब एक बार फिर बाजार में ‘न्यू गोल्ड कलकत्ता बीड़ी’ खुलेआम बिकती दिखाई दे रही है, जिससे कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।बाजार में उपलब्ध पैकेटों को देखकर कई व्यापारिक और स्थानीय सूत्र दावा कर रहे हैं कि पैकिंग पर निर्माता का पूरा पता, निर्माण स्थल तथा अन्य आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से अंकित नहीं हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या बिना पूरी जानकारी वाले उत्पाद की बिक्री नियमों के अनुरूप हो रही है?चर्चा यह भी है कि मशहूर ‘कलकत्ता बीड़ी’ के नाम और पहचान से मिलते-जुलते पैकेजिंग का इस्तेमाल कर उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। यदि ऐसा है, तो यह न केवल उपभोक्ता हितों का मामला है बल्कि संबंधित विभागों के लिए भी जांच का विषय बनता है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पहले इस तरह के मामले में कार्रवाई हो चुकी थी, तो फिर वही उत्पाद या उससे मिलता-जुलता ब्रांड दोबारा बाजार तक कैसे पहुंच गया? क्या कार्रवाई केवल औपचारिकता थी या फिर अवैध कारोबार ने दोबारा पैर पसार लिए हैं?अब जरूरत इस बात की है कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन, वाणिज्यिक कर विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से बाजार में बिक रही ‘न्यू गोल्ड कलकत्ता बीड़ी’ की जांच करें। यह स्पष्ट किया जाए कि इसका वास्तविक निर्माता कौन है, निर्माण कहां हो रहा है और क्या इसकी बिक्री सभी वैधानिक नियमों के अनुरूप की जा रही है।यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, भ्रामक पैकेजिंग या फर्जीवाड़ा सामने आता है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी पर रोक लग सके और बाजार में अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव खबर डिजिटल संवाददाता मो. 9131308097
