डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ Dindori News: डिंडोरी, करंजिया थाना क्षेत्र में मुरुम डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी रंजिश में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने एक पिता और उनके दो बेटों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में एक युवक का हाथ टूट गया, जबकि उसके पिता के सीने में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित परिवार ने अब पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, 16 जुलाई को भुवन सिंह अपने घर के सामने राइस मिल शुरू करने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए मुरुम डलवाया जा रहा था। इसी दौरान पड़ोसी बसंत नंदा, राजू नंदा और संतोष नंदा वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। जब भुवन सिंह और उनके बेटों ने विरोध किया तो उन पर लाठी-डंडों से जान लेवा हमला कर दिया।
हमले में भुवन सिंह और उनके दोनों बेटे घायल हो गए। एक बेटे का हाथ टूट गया, जबकि भुवन सिंह के सीने में गंभीर चोट आई। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
इलाज के बाद जब परिवार गांव लौटा तो सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी आशीष खरे से मुलाकात की। पीड़ित परिवार का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार दहशत में है और गांव में रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा देने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसपी आशीष खरे ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। थाना प्रभारी को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि होने पर मामले में और सख्त धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
