खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी— लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की कथित हिरासत तथा छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना था कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई तथा विपक्षी नेताओं के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों पर आघात बताया।धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। उनका कहना था कि केंद्र सरकार को छात्रों और विपक्ष के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए तथा लोकतंत्र में विरोध और असहमति का सम्मान किया जाना चाहिए।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी छात्रों और विपक्षी नेताओं के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के दायरे में अपना आंदोलन जारी रखेगी।Congress Protests Over Rahul Gandhi Detention, Demands Resignation of Union Ministers
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
