डेस्क। इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे दंपती के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। घटना के बाद मंत्री के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
हाथ में संविधान लेकर पहुंचे थे दंपती
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर प्रहलाद पाण्डेय और उनकी पत्नी संगीता हाथ में संविधान लेकर मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। पुलिस को इस प्रदर्शन की सूचना करीब एक घंटे पहले मिल गई थी, जिसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पूछताछ में गलती मानी, लोगों से भी की थी अपील
परदेशीपुरा पुलिस की पूछताछ में दोनों ने अपनी गलती स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने कुछ लोगों से मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से भी संदेश भेजे गए थे।
स्टूडेंट्स के प्रदर्शन में भी दिया था बुलावा
पुलिस के अनुसार, दंपती ने टंट्याभील चौराहे पर चल रहे छात्रों के धरना-प्रदर्शन में भी लोगों से मंत्री के घर के बाहर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। हालांकि, उनकी अपील के बावजूद कोई अन्य व्यक्ति उनके साथ प्रदर्शन में शामिल नहीं हुआ।
ये खबर भी पढ़ें..
