भोपाल में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता को लेकर भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) की ताजा ड्राइव टेस्ट रिपोर्ट सामने आई है. रिपोर्ट से साफ हुआ है कि शहर में सभी टेलीकॉम कंपनियां समान स्तर की सेवा नहीं दे रही हैं. जून 2026 में किए गए इस स्वतंत्र परीक्षण में डेटा स्पीड, कॉल ड्रॉप, नेटवर्क कवरेज और वॉयस क्वालिटी जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर चार प्रमुख मोबाइल कंपनियों का आकलन किया गया. रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस जियो ने अधिकांश श्रेणियों में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि बीएसएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर पाया गया.
शहर और हाईवे पर हुआ विस्तृत नेटवर्क टेस्ट
TRAI की निगरानी में यह ड्राइव टेस्ट 8 से 16 जून 2026 के बीच किया गया. इस दौरान भोपाल शहर के प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, व्यावसायिक क्षेत्रों और आसपास के राष्ट्रीय राजमार्गों पर नेटवर्क की गुणवत्ता जांची गई. टीम ने लगभग 301 किलोमीटर वाहन से यात्रा कर और करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर मोबाइल नेटवर्क का परीक्षण किया. सभी परीक्षण वास्तविक परिस्थितियों में किए गए, जहां मोबाइल फोन ऑटोमैटिक नेटवर्क मोड पर रखे गए ताकि आम उपभोक्ताओं को मिलने वाली वास्तविक सेवा का सही आकलन किया जा सके.
डेटा स्पीड में जियो सबसे आगे निकला
रिपोर्ट के मुताबिक डाउनलोड स्पीड के मामले में रिलायंस जियो ने शानदार प्रदर्शन किया. कंपनी की औसत डाउनलोड स्पीड 291.53 Mbps दर्ज की गई, जो अन्य कंपनियों से काफी अधिक रही. वोडाफोन-आइडिया 63.96 Mbps के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि एयरटेल की औसत स्पीड 44.25 Mbps रिकॉर्ड की गई. बीएसएनएल की डाउनलोड स्पीड सिर्फ 10.68 Mbps रही.
अपलोड स्पीड में भी जियो ने पहला स्थान हासिल किया. कंपनी की औसत अपलोड स्पीड 34.92 Mbps रही. वहीं एयरटेल ने 15.49 Mbps, वोडाफोन-आइडिया ने 12.50 Mbps और बीएसएनएल ने केवल 7.20 Mbps की अपलोड स्पीड दर्ज की.
नेटवर्क कवरेज और कॉल ड्रॉप में भी बड़ा अंतर
रिपोर्ट में नेटवर्क कवरेज को लेकर भी कंपनियों के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला. बीएसएनएल के नेटवर्क में सबसे ज्यादा कमजोर सिग्नल और नो नेटवर्क की समस्या दर्ज की गई. परीक्षण के दौरान बीएसएनएल के 1,532 स्थानों पर कमजोर सिग्नल मिले, जबकि 505 स्थानों पर नेटवर्क उपलब्ध ही नहीं था.
इसके मुकाबले जियो में केवल 131 स्थानों पर कमजोर सिग्नल मिले. एयरटेल में यह संख्या 293 और वोडाफोन-आइडिया में 473 रही. कॉल ड्रॉप के मामले में भी बीएसएनएल सबसे पीछे रहा. टेस्ट के दौरान उसकी 16 कॉल बीच में ही कट गईं. वहीं जियो और वोडाफोन-आइडिया में सिर्फ एक-एक कॉल ड्रॉप दर्ज हुई, जबकि एयरटेल में तीन कॉल ड्रॉप हुए. इंदौर-नीमच हाईवे पर जियो का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां परीक्षण के दौरान एक भी कॉल ड्रॉप नहीं हुई.
