Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशब्रेकिंग: डिंडोरी में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत,...

ब्रेकिंग: डिंडोरी में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति-सास-ससुर हिरासत में…

Breaking जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में 23 वर्षीय नवविवाहिता खुश्बू साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

डिंडोरी /खबर डिजिटल /शैलेश नामदेव/ जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में 23 वर्षीय नवविवाहिता खुश्बू साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। शादी के महज़ लगभग 80 दिन के भीतर हुई इस दुखद घटना से मृतका के मायके और ससुराल, दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मामले में मृतका के मायके पक्ष ने सास और ससुर पर गंभीर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है।

घटनाक्रम और मायके पक्ष के आरोप​

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालपुर निवासी खुश्बू साहू का विवाह 6 मई 2026 को डिंडौरी के वार्ड क्रमांक 5 निवासी अंकित साहू के साथ पूरे हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को ही खुश्बू अपने पति के साथ मायके से ससुराल वापस आई थी।

​सोमवार शाम को मायके पक्ष को ससुराल वालों का फोन आया, जिसमें खुश्बू की तबीयत अचानक खराब होने की बात कही गई। सूचना मिलते ही युवती के माता-पिता और भाई तत्काल डिंडौरी पहुंचे, जहाँ उन्हें खुश्बू का शव मिला। मृतका के बड़े पिता और परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया या उसके साथ कोई अनहोनी हुई है।
​
​घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

​एसडीओपी सतीश द्विवेदी ने बताया कि मायके पक्ष द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस ने मृतका के पति अंकित साहू, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस का वक्तव्य​

​”पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्षों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपों और आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।”
– सतीश द्विवेदी, एसडीओपी (डिंडौरी)

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट