मध्य प्रदेश के गुना जिले में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शहर के तलैया मोहल्ला चौराहे पर एक महिला ने भाजपा नेता को बीच सड़क पर रोक लिया. देखते ही देखते महिला ने उनका कॉलर पकड़ लिया और थप्पड़ों व चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी. अचानक हुए इस घटनाक्रम को देखकर आसपास बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. घटना का वीडियो भी आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होने लगी.
बताया जा रहा है कि पिटाई का शिकार हुए बाबूलाल सेन वर्तमान में भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं और पहले झागर मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं.
लोन और पैसों के विवाद से शुरू हुआ मामला
जानकारी के अनुसार पूरा विवाद पारिवारिक रिश्ते और पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ है. महिला संगीता सेन, जो बाबूलाल सेन की रिश्तेदार बताई जा रही हैं, का आरोप है कि वर्ष 2017 में उनके नाम पर करीब 5 लाख रुपये का बैंक लोन लिया गया था. उनका दावा है कि लोन की राशि उन्हें कभी नहीं मिली और न ही बैंक में जमा कराई गई. इसके चलते अब बैंक की ओर से उनसे वसूली की जा रही है.
संगीता का कहना है कि वह तीन बच्चों की मां हैं और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं. ऐसे में बैंक की कार्रवाई उनके लिए बड़ी परेशानी बन गई है.
पहले भी की थी शिकायत
महिला का आरोप है कि उन्होंने 22 जुलाई को पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी थी. शिकायत में उन्होंने यह भी कहा था कि पैसों के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज नष्ट कर दिए गए और विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया. उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते गुस्से में उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर बाबूलाल सेन का विरोध किया.
भाजपा नेता ने आरोपों को बताया गलत
दूसरी ओर बाबूलाल सेन ने महिला के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि संगीता उनकी भतीजी हैं और पारिवारिक कारणों से अलग रह रही हैं. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने केवल बैंक से लोन की प्रक्रिया में मदद की थी, जबकि पैसों के लेनदेन से उनका कोई संबंध नहीं है. उनका आरोप है कि उन्हें बहाने से बुलाकर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की कोशिश की गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
चौराहे पर हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की. पुलिस ने महिला की शिकायत, भाजपा नेता का पक्ष और पहले दिए गए आवेदन को आधार बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस घटना के बाद इलाके में पूरे दिन इसी मामले की चर्चा होती रही.
