खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी– जिले में दवाओं की सुरक्षित और वैधानिक बिक्री सुनिश्चित करने के लिए औषधि प्रशासन ने शनिवार को शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स पर औचक छापेमार निरीक्षण कर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया। यह कार्रवाई कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर की गई, जिसके बाद मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।ड्रग इंस्पेक्टर सोनम जैन के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान शासकीय अस्पताल क्षेत्र, दुर्गा चौक, रोशन नगर और तिलक कॉलेज रोड सहित कई मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दवा भंडारण, लाइसेंस, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और अन्य वैधानिक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। कुछ प्रतिष्ठानों को आवश्यक दस्तावेज तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में किसी भी शेड्यूल दवा की बिक्री नहीं होगी। साथ ही बिना बिल दवा बेचना, एक्सपायरी दवाओं को बिक्री काउंटर पर रखना और फिजिशियन सैंपल का विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित है।प्रशासन ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए कि चार वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना चिकित्सकीय सलाह कोई दवा न दी जाए तथा किसी भी प्रकार की कफ सिरप केवल डॉक्टर के वैध पर्चे पर ही बेची जाए।औषधि प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में दवाओं की बिक्री पर निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कटनी में मेडिकल स्टोर्स पर औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
सम्बंधित ख़बरें
