Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशमध्यप्रदेश के इस जिले में रविवार को लगेगा स्कूल… सोमवार को रहेगी...

मध्यप्रदेश के इस जिले में रविवार को लगेगा स्कूल… सोमवार को रहेगी छुट्टी!

सावन के महीने का असर

उज्जैन/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ धार्मिक नगरी उज्जैन में सावन माह के दौरान स्कूलों की साप्ताहिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन के नए निर्देशों के अनुसार अब एक माह तक रविवार को विद्यालयों में नियमित कक्षाएं संचालित होंगी, जबकि सोमवार को अवकाश रहेगा। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

बाबा महाकाल की निकलेगी सवारी
यह निर्णय विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लिया गया है। प्रत्येक सोमवार बाबा महाकाल की पारंपरिक सवारी निकलने के कारण दोपहर से ही शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू हो जाता है। इसके चलते आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

पिछले साल भी लिया था निर्णय
प्रशासन ने पिछले वर्ष भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की थी। तब सावन के सभी सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया था और शैक्षणिक कार्य की भरपाई के लिए रविवार को विद्यालय संचालित किए गए थे। इस व्यवस्था को विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद इस वर्ष भी दोबारा लागू किया गया है।

कई मार्गों को करना पड़ता है बंद
बता दें कि सावन के प्रत्येक सोमवार शाम करीब 4 बजे बाबा महाकाल की भव्य सवारी निकाली जाती है। इसके लिए दोपहर लगभग 1 बजे से ही सवारी मार्ग पर बैरिकेडिंग कर कई रास्तों को यातायात के लिए बंद कर दिया जाता है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सोमवार को अवकाश तथा रविवार को विद्यालय संचालन का निर्णय लिया है।

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट