उज्जैन/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ सोमवार को मध्य प्रदेश की राजनीति से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री पारस जैन का निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और इंदौर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
जनसेवा की पेश की मिसाल
पारस जैन मध्य प्रदेश की राजनीति के उन नेताओं में शुमार थे, जिन्होंने लंबे समय तक सक्रिय रहकर जनसेवा की। वे उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र का कई बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके थे। अपने राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने राज्य सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी निभाई और भाजपा संगठन में भी प्रभावशाली भूमिका अदा की।
क्षेत्र में फैली शोक की लहर
पारस जैन के निधन का समाचार मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया। कई नेताओं ने उनके निधन को मध्य प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उनके समर्थक, शुभचिंतक और आमजन उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं तथा उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और जनहित में किए गए कार्यों को स्मरण कर रहे हैं।
