खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी-– शहर के रचना नगर निवासी एक स्वर्ण कारीगर ने पुलिस अधीक्षक कटनी से शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि उसके घर में खरीदारी के बहाने आए कुछ अज्ञात लोगों ने छलपूर्वक लगभग 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के सोने के कणों से भरी थैली चोरी कर ली। पीड़ित का कहना है कि घटना के बावजूद स्थानीय पुलिस चौकी ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की।शिकायतकर्ता अविनेश सोनी (लकी सोनी) निवासी रचना नगर, गली नंबर 1, वार्ड क्रमांक 5, थाना कोतवाली, कटनी ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 12:00 से 1:00 बजे के बीच कुछ लोग सोने के कण खरीदने के बहाने उसके घर पहुंचे। बातचीत के दौरान आरोपियों ने चतुराई और छल से उसकी लगभग 5–6 लाख रुपये मूल्य के सोने के कणों से भरी थैली गायब कर दी। घटना के समय उसे इसकी भनक तक नहीं लगी।पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद वह तत्काल बस स्टैंड चौकी पहुंचा, लेकिन वहां उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। उसका आरोप है कि चौकी प्रभारी ने इसे उसकी लापरवाही बताते हुए कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।अविनेश सोनी का कहना है कि उसके पास घटना से संबंधित सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरें मौजूद हैं, जिनमें आरोपियों की गतिविधियां कैद हैं। साथ ही, आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए एक मोबाइल नंबर 7700902037 का भी विवरण उसके पास है। पीड़ित के अनुसार, घटना के अगले दिन तक इस नंबर पर संपर्क हुआ, लेकिन उसके बाद से मोबाइल बंद आ रहा है।पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की पहचान करने, चोरी गए सोने की बरामदगी कराने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वे एक छोटे स्वर्ण कारीगर हैं और अपने घर से ही कार्य कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करे
