जबलपुर/मनीष तिवारी/ जबलपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा छात्रसंघ चुनाव संबंधी जनहित याचिका पर दिए गए ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया है। NSUI जबलपुर के जिलाध्यक्ष सचिन रजक ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में पिछले लगभग नौ वर्षों से छात्रसंघ चुनाव न होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रनेता अदनॉन अंसारी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने राज्य शासन को सितंबर 2026 में छात्रसंघ गठन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सचिन रजक ने इसे किसी सरकार या अन्य संगठन का प्रयास न बताकर, NSUI की संवैधानिक लड़ाई का परिणाम बताया।
NSUI ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उच्च न्यायालय के आदेश और लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप बिना किसी देरी के चुनाव की विस्तृत अधिसूचना व दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
संगठन ने जोर देकर कहा कि चुनाव केवल औपचारिकता न हों, बल्कि प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं, ताकि हर नियमित विद्यार्थी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। साथ ही, NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार न्यायालय के समक्ष दिए गए आश्वासन के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई नहीं करती है या प्रत्यक्ष चुनाव से पीछे हटती है, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
