खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी— पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा अमकुही फिल्टर हाउस परिसर में आयोजित “अमृत हरित महाअभियान” के तहत शुक्रवार को करीब 11 हजार पौधों का सामूहिक रोपण किया गया। “एक पौधा–हर नागरिक” के संकल्प के साथ आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। सभी ने पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि “प्रकृति का संरक्षण ही मानव जीवन की सबसे बड़ी सुरक्षा है। यदि हर नागरिक एक पौधे को वृक्ष बनने तक संभाले, तो कटनी को हराभरा और प्रदूषणमुक्त शहर बनने से कोई नहीं रोक सकता।”निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि “वृक्ष धरती का आभूषण ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब हर पौधा वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और छाया देगा।”निगमायुक्त तपस्या परिहार ने बताया कि अमकुही फिल्टर हाउस में 11 हजार पौधों का लक्ष्य पूरा किया गया। उन्होंने नागरिकों से घर, विद्यालय, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही “ग्रीन एंड क्लीन कटनी” का सपना साकार होगा।अभियान के दौरान नीम, पीपल, बरगद, कदंब, शीशम, गुलमोहर, करंज, आंवला, हर्रा, बहेरा, काला सिरस सहित छायादार एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्व-सहायता समूहों, विद्यार्थियों, उद्योग संगठनों तथा बड़ी संख्या में शहरवासियों की सहभागिता ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को नई मजबूती दी।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
