Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशआदिवासी दिवस पर गूंजा जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संकल्प, अवैध शराब पर...

आदिवासी दिवस पर गूंजा जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संकल्प, अवैध शराब पर रोक लगाने की उठी बुलंद आवाज

सिवनी/राकेश यादव/ विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को सिवनी विधानसभा क्षेत्र का आदिवासी बहुल ग्राम कलारबाकी आदिवासी संस्कृति, परंपरा और एकता के रंग में रंगा नजर आया। पूरे क्षेत्र से हजारों की संख्या में समाजजन कलारबाकी पहुंचे। यहां आयोजित भव्य कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ा देव पेन ठाना में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद निकली विशाल रैली ने पूरे क्षेत्र का माहौल उत्साह और उमंग से भर दिया। पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक रंगों के बीच निकली रैली में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति और एकजुटता की झलक दिखाई दी।

जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संकल्प

रैली और कार्यक्रम के दौरान समाजजनों ने अपनी प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक विरासत की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासी समाज की पहचान और जीवन का आधार हैं, इसलिए इनके संरक्षण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

अवैध शराब पर रोक की मांग
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने गांव-गांव में बिक रही अवैध शराब का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकना समाज और युवा पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।

भंडारे में उमड़ा जनसैलाब

विशाल रैली के समापन के बाद वृहद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में समाजजनों और ग्रामीणों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान कलारबाकी में आदिवासी संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला।

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट