भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बेहद सुरक्षित माने जाने वाले वीवीआईपी इलाके चार इमली में चोरी की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सरकारी बंगले को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश बंगले से नल की टोंटी समेत करीब 16 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि वारदात रविवार दोपहर करीब एक बजे हुई। खास बात यह है कि बंगले से संबंधित थाने की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है, इसके बावजूद पुलिस में शिकायत दर्ज होने में करीब 26 घंटे का समय लग गया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार इमली में सरकारी बंगले को बनाया निशाना
हबीबगंज थाना पुलिस के अनुसार, जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई को चार इमली क्षेत्र में डी-11/03 सरकारी आवास आवंटित है। इसी बंगले में चोरी की वारदात हुई। चार इमली राजधानी का प्रमुख वीवीआईपी इलाका है, जहां कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास हैं। अजय विश्नोई के बंगले के ठीक सामने मध्य प्रदेश पुलिस के स्पेशल डीजी अजय शर्मा का सरकारी आवास भी स्थित है।
Indore news: पहाड़ी पर ट्रैकिंग करने गया युवक रहस्यमयी ढंग से लापता… मंगेतर को भेजी सेल्फी
बंगला ज्यादातर समय रहता है खाली
जानकारी के मुताबिक अजय विश्नोई का भोपाल में नियमित रूप से रहना नहीं होता। वह महीने में तीन-चार दिन ही राजधानी में अपने सरकारी आवास पर आते हैं। बाकी समय बंगला खाली रहता है। रविवार को जब पूर्व मंत्री भोपाल पहुंचे और अपने आवास पर गए तो उन्हें चोरी की जानकारी मिली। बंगले के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अंदर जांच करने पर कई सामान गायब मिले। चोर नल की टोंटी समेत अन्य सामान ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर करीब 16 हजार रुपए के सामान की चोरी का मामला दर्ज किया है।
कई दरवाजों के कुंदे भी उखाड़े
चोरों ने बंगले में घुसने के बाद कई दरवाजों को तोड़ने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक तीन से चार दरवाजों के कुंदे भी उखाड़ दिए गए। जिन दरवाजों के ताले नहीं खुल सके, उन्हें भी बदमाशों ने नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू किया। फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की गई, जिसके बाद सोमवार को तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पूर्व मंत्री के सरकारी आवास में चोरी की घटना सामने आने के बाद चार इमली जैसे संवेदनशील और वीवीआईपी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इलाके में वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आवास होने के बावजूद चोरों के बंगले में घुसने और सामान लेकर फरार होने की घटना ने पुलिस की निगरानी और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। मामले में शिकायत दर्ज होने में लगे समय को लेकर भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हबीबगंज थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
