खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी– वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रविवार को कटनी में कैंडिल मार्च निकाला गया। स्टेशन चौराहे से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चौक पहुंचा। हाथों में कैंडिल लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत के सम्मान और राष्ट्रभक्ति के समर्थन में नारे लगाए।सुभाष चौक पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया और राष्ट्रगीत के सम्मान का संकल्प लिया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम् आजादी के आंदोलन के दौरान लाखों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने घोर अनादर का प्रदर्शन किया।उन्होंने कहा कि “देशभक्ति से जुड़ी हर चीज का विरोध करना कांग्रेस की नीति बन गई है।” सोनी टंडन ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, संघर्ष और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ी भावना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का रवैया स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले लोगों के साथ-साथ संविधान, देश की संप्रभुता और अखंडता तथा करोड़ों देशवासियों का अपमान है।भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा ने कहा कि वंदे मातरम् देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। इसके सम्मान को लेकर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी या व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।कैंडिल मार्च में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, वरिष्ठ नेता पीतांबर टोपनानी, रामरतन पायल, मृदुल मिश्रा, श्याम निषाद, सुनील उपाध्याय, रवि खरे, अम्बरीष वर्मा, आशीष गुप्ता बाबा, अंकिता तिवारी, ऋचा गेलानी, सपना सरावगी, वागीश आनंद, सचिन तिवारी सहित भाजपा युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
