खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी : जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक द्वारा नाबालिग किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर, उससे झूठ बोलकर शादी रचाने और महीनों तक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, जब पीड़िता ने आरोपी से काम पर जाने और घर का खर्च चलाने की बात कही, तो आरोपी ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसे बीच रास्ते में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया।
मैहर मंदिर में रचाई झूठी शादी, फिर ले गया पुणे
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपी मनीष गोस्वामी और पीड़िता सहपाठी थे। आरोपी ने पीड़िता को प्यार और शादी का झांसा दिया। 17 दिसंबर 2025 की रात करीब 2 बजे, वह पीड़िता को उसके घर से भगाकर मैहर ले गया। वहां मैहर मंदिर में आरोपी ने पीड़िता के साथ शादी का नाटक किया और उसके बाद उसे महाराष्ट्र के पुणे ले गया।
पुणे और कटनी में किराए के मकान में रखा, कई बार किया दुष्कर्म
पुणे में आरोपी ने एक किराए का मकान लिया और दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पुणे में कुछ समय रहने के बाद, करीब 10-12 दिन पहले आरोपी पीड़िता को वापस कटनी ले आया और यहाँ भी उसे एक किराए के मकान में रखा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने आखिरी बार 5 अगस्त 2026 को उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे।
काम मांगने पर की मारपीट, जान से मारने की धमकी दी
घटनाक्रम में नया मोड़ 7 अगस्त 2026 की शाम को आया। पीड़िता ने बताया कि शाम करीब 8 बजे, जब उसने मनीष से काम पर जाने और घर का खर्च चलाने की बात कही, तो वह आगबबूला हो गया। आरोपी ने पीड़िता के साथ लात-घूँसों से जमकर मारपीट की। जब पीड़िता ने दोबारा काम की बात कही, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
बीच रास्ते में छोड़कर फरार हुआ आरोपी
पीड़िता ने अपनी आपबीती में बताया कि मारपीट की घटना के बाद, 12 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे, आरोपी उसे कटनी में अकेला और बेसहारा छोड़कर मौके से फरार हो गया। पीड़िता किसी तरह अपने परिजनों तक पहुँची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश तेज़
परिजनों के साथ महिला थाने पहुँचकर पीड़िता ने मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। बड़वारा थाना प्रभारी सुयश पाण्डेय ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी मनीष गोस्वामी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
आरोपी मनीष गोस्वामी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 64(2)m, 115(2), 351(3) तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार को पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
खबर डिजिटल कटनी रिपोर्टर
