MP BJP News: मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब प्रदेश भाजपा में नए मीडिया प्रभारी की तलाश शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि नए चेहरे के चयन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा संगठन और प्रदेश सरकार तीनों के बीच तालमेल और पसंद देखने को मिल सकती है।
रेस में ये पुराने चेहरे आगे
नए प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद के लिए पार्टी के अंदर कई नामों पर मंथन जारी है। मुख्य दावेदारों में डॉ. हितेष वाजपेयी, पूर्व मीडिया प्रभारी और लंबे समय से पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने वाले वरिष्ठ नेता है। वही मिलन भार्गव मीडिया टीम का लंबा अनुभव रखने वाले मुख्य नेताओं में से एक है। अंशुल तिवारी संगठन की मीडिया गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेता है। वही आलोक दुबे व ब्रजमोहन लोया पार्टी के मीडिया प्रबंधन में जिम्मेदारी संभालने वाले नाम है।
क्या चौंकाएगी पार्टी?
भाजपा के काम करने के अंदाज को देखते हुए चर्चा यह भी है कि पार्टी हमेशा की तरह किसी नए चेहरे को जिम्मेदारी देकर सबको चौंका भी सकती है।
संघ, संगठन और सरकार से लगेगा मुहर
सूत्रों के मुताबिक, इस पद को लेकर अभी संघ पदाधिकारियों और भाजपा संगठन के बीच अंतिम दौर की चर्चा होना बाकी है। संघ और संगठन द्वारा तय किए गए नाम पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की सहमति ली जाएगी। तीनों की सहमति से ही नए मीडिया प्रभारी के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।
