भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मैहर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे। अगस्त में रक्षाबंधन के अवसर को देखते हुए सरकार ने लाड़ली बहनों को इस बार नियमित राशि के साथ 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का भी फैसला किया है। यानी पात्र हितग्राहियों के खाते में इस बार 1500 रुपये की नियमित किस्त और 250 रुपये का रक्षाबंधन शगुन, कुल 1750 रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से पहुंचेंगे।
2148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होगी ट्रांसफर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैहर से लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के रूप में बड़ी राशि महिलाओं के बैंक खातों में भेजेंगे। योजना के तहत प्रत्येक पात्र हितग्राही को 1500 रुपये के हिसाब से कुल 1835.46 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर प्रत्येक हितग्राही को 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इस मद में 312.83 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बहनों के खातों में पहुंचेगी। इस तरह दोनों राशियों को मिलाकर सरकार करीब 2148 करोड़ रुपये से अधिक सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी।
हर लाड़ली बहना को मिलेंगे 1750 रुपये
सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र हितग्राही महिला के बैंक खाते में 1500 रुपये की राशि भेजी जाएगी। इसके साथ ही रक्षाबंधन के अवसर पर 250 रुपये की विशेष सहायता भी दी जाएगी। इस तरह प्रत्येक हितग्राही को कुल 1750 रुपये प्राप्त होंगे। यह राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे पात्र महिलाओं के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
National Bjp Niyuktiya: बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा, MP के इन नेताओं को मिला पद
मैहर को 256 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री का मैहर दौरा केवल लाड़ली बहना योजना की राशि ट्रांसफर तक सीमित नहीं रहेगा। डॉ. मोहन यादव जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री करीब 256 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले में बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
रक्षाबंधन से पहले बहनों को सरकार का तोहफा
अगस्त महीने में रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए लाड़ली बहनों के लिए 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता को सरकार के विशेष शगुन के रूप में देखा जा रहा है। नियमित किस्त के साथ अतिरिक्त राशि मिलने से इस बार महिलाओं के खातों में 1500 की जगह कुल 1750 रुपये पहुंचेंगे। मैहर में होने वाले कार्यक्रम पर प्रदेशभर की लाड़ली बहनों की नजर रहेगी, क्योंकि मुख्यमंत्री के हाथों बड़ी संख्या में हितग्राहियों के खातों में एक साथ राशि ट्रांसफर की जाएगी।
