Indore News: इंदौर/खबर डिजिटल/ इंदौर बीजेपी की सियासत एक बार फिर नए मोड़ की तरफ घूमती नजर आ रही है। पूर्व एमआईसी सदस्य जीतू यादव की पार्टी में वापसी के बाद नई युति का जन्म होता नजर आया, जब विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला और सुमित मिश्रा ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की। तीनों ही विप्र जनों ने अपना जादू बिखेरते हुए, पार्टी नेतृत्व को निर्णय लेने पर मजूबर कर दिया, जोकि काफी पहले से लंबित चल रहा था, हालांकि अब बात इंदौर महिला मोर्चा की अध्यक्ष पर जाकर टिक गई है।
विधानसभा तीन से तीन नाम!
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा क्रमांक-3 से महिला मोर्चा के लिए एक ही क्षेत्र से तीन नाम माधुरी जायसवाल, वृंदा गौड़ और श्रेष्ठा जोशी का नाम शामिल है। इसके अलावा एक नाम राधा राठौर का भी चल रहा है, जोकि विधायक रमेश मेंदोला की समर्थक हैं। साथ ही पुरानी महिला मोर्चा अध्यक्ष ज्योति तोमर के नाम पर भी मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि बीजेपी संगठन में अन्य नेताओं की भी सीधी पकड़ है।
ऐसा क्यों हुआ?
इंदौर बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष के लिए जैसी कश्मकश हुई, वो पहले कभी नहीं हुई। मध्य प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे भी सोचने पर मजबूर हो गई, इसीलिये मामला पार्टी के आला नेताओं तक पहुंचाना पड़ा। ऐसे में समीकरण इशारा कर रहे हैं कि ताई समर्थक ज्योति तोमर को ही एक बार फिर पद दे दिया जाए, या फिर कोई नया चेहरा देकर पार्टी संगठन में महिला नेतृत्व खड़ा किया जाए।
रेस में कौन आगे?
मां अहिल्या की नगरी की बीजेपी महिला मोर्चा का महत्व काफी खास होता है, ऐसे में विधायक गोलू शुक्ला और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा समर्थक माधुरी जायसवाल का नाम फाइनल माना जा रहा था, लेकिन उनको पुरानी कांग्रेसी बताकर नंबर कम किए गए। जिसके चलते नाम की घोषणा होने में देरी हुई। इसी तरह वृंदा गौड़ अपने पुराने निष्ठावान बीजेपी समर्थित परिवार होने के दावे के साथ मैदान में है। श्रेष्ठा जोशी भी अपने विद्यार्थी जीवन से भगवा ब्रिगेड का चेहरा होने के साथ मैदान जमी हैं। वहीं राधा राठौर काफी दिनों से संगठन का काम करने के साथ विधायक रमेश मेंदोला की समर्थक होने के बाद साथ दावा ठोंक रहीं है। जानकारों के हिसाब से इन्हीं समीकरणों के आधार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा, जिसकी घोषणा एक-दो दिन में होने की संभावना है।
अपील – खबर अच्छी लगने पर शेयर जरुर करें।
