Tuesday, November 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP Politics: पहले अपना गठबंधन संभालें अखिलेश... NDA की चिंता करने की...

UP Politics: पहले अपना गठबंधन संभालें अखिलेश… NDA की चिंता करने की जरूरत नहीं, सीट शेयरिंग पर मंत्री का बड़ा बयान

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल अपने-अपने सामाजिक समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं. इसी बीच प्रदेश सरकार की मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और विपक्षी गठबंधन को लेकर कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को मजबूत बताते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा.

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर उठाए सवाल

विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच गठबंधन मजबूत है. सीटों के बंटवारे समेत चुनाव से जुड़े सभी फैसले सहयोगी दल आपसी चर्चा से करेंगे. उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ज्यादा सीटों की मांग कर रही है, ऐसे में समाजवादी पार्टी के सामने सीटों के तालमेल को लेकर चुनौती खड़ी हो सकती है.

सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का दावा

मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को लगातार प्रतिनिधित्व देने का काम कर रही है. उनके मुताबिक, केंद्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा के शासन के दौरान विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों को सरकार और संगठन में जिम्मेदारियां मिली हैं. उन्होंने दावा किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है.

विजय लक्ष्मी गौतम ने सपा की पिछली सरकारों पर इन वर्गों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि पीडीए समेत समाज के सभी वर्ग भाजपा के साथ हैं और आगे भी पार्टी को समर्थन मिलेगा.

आजम खान मामले पर बोलीं मंत्री

आजम खान से जुड़े परिसरों पर ईडी की कार्रवाई को लेकर मंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है. अगर कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. उन्होंने मुस्लिम समाज को निशाना बनाए जाने के आरोपों को भी खारिज किया.

जापान दौरे से निवेश की उम्मीद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जापान दौरे पर विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि सरकार विकसित देशों के साथ संबंध मजबूत कर उत्तर प्रदेश में निवेश के नए अवसर तलाश रही है. जापान के साथ सहयोग से राज्य में रोजगार और निवेश की संभावनाएं बढ़ सकती हैं.

सभी धर्मों के सम्मान का दावा

मंदिरों को लेकर कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की कथित टिप्पणी पर मंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास, जीर्णोद्धार और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर सरकार का विशेष ध्यान है.

मायावती के फैसले पर भी दी प्रतिक्रिया

बसपा प्रमुख मायावती द्वारा सतीश चंद्र मिश्रा को नई जिम्मेदारियां दिए जाने पर मंत्री ने कहा कि हर राजनीतिक दल को अपनी संगठनात्मक रणनीति तय करने का अधिकार है. कौन सा नेता किस वर्ग के बीच काम करेगा, इसका फैसला संबंधित पार्टी अपने स्तर पर करती है. उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव को देखते हुए सभी दल अपने-अपने सामाजिक और संगठनात्मक समीकरण मजबूत करने में जुटे हैं.

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट