खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी— जंगली जानवरों के शिकार के लिए जंगल में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने युवक के शव को जंगल में स्थित एक पुराने सूखे कुएं में फेंक दिया। कुठला पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 की रात करहैया निवासी 18 वर्षीय साहिल वासुदेव की करंट लगने से मौत हुई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण बिजली का करंट लगना सामने आया।जांच के दौरान संदेहियों और गवाहों से पूछताछ में घटना की पूरी तस्वीर सामने आई। पुलिस के मुताबिक, प्रकाश कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन और साजन बर्मन ने जंगली जानवरों के शिकार की योजना बनाई थी। आरोपियों ने बड़ेरी भटिया जंगल के पास लोहे की तार को लकड़ी की खूंटियों के सहारे जमीन से करीब एक फीट ऊपर लगाया और उसे बिजली के तार से जोड़ दिया।रात करीब दो बजे आरोपी जब शिकार देखने पहुंचे तो वहां साहिल करंट की चपेट में मृत मिला। आरोप है कि घटना सामने आने के डर से आरोपियों ने शव को जंगल में मौजूद पुराने सूखे कुएं में फेंक दिया। इतना ही नहीं, घटना में इस्तेमाल लोहे की तार को भी शिव मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर तार बरामद कर ली।मामले में राजकुमार उर्फ कुंचु उर्फ किश्शु कोल (27), रोशन कोल (25), रूपेश बर्मन (27), साजन बर्मन (22) और प्रकाश कोल (32) सभी निवासी कन्हवारा, थाना कुठला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 743/26 के तहत धारा 105 एवं 238(बी) बीएनएस में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।शिकार का जाल, इंसान की जान पर भारीजंगली जानवरों के शिकार के लिए बिजली का करंट बिछाने की यह घटना न सिर्फ वन्यजीवों के लिए खतरा है, बल्कि इंसानी जिंदगी के लिए भी जानलेवा साबित हुई। पुलिस की कार्रवाई ने घटना को छिपाने की कोशिश का खुलासा कर दिया है।कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में उप निरीक्षक अनिल यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिकार के लिए बिछाया करंट बना 18 वर्षीय युवक की मौत का जाल, शव कुएं में फेंककर छिपाया; पांच आरोपी गिरफ्तार
सम्बंधित ख़बरें
