उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए. अब 60 साल की उम्र से महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा देहरादून में 10 Pink E-Buses चलाने और महिला स्वरोजगार योजना के तहत लोन की सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की गई है.
60 साल की उम्र से महिलाओं को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा
मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए अहम घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में रोडवेज बसों में वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली मुफ्त यात्रा की सुविधा अब महिलाओं को 60 वर्ष की उम्र से दी जाएगी. अभी यह सुविधा 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए लागू है.
इस फैसले से प्रदेश की बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित और आसान सफर का लाभ मिल सकेगा. सरकार का मकसद महिलाओं के लिए यात्रा को ज्यादा सुविधाजनक बनाना है.
सार्वजनिक जगहों पर बनेंगे हाईटेक टॉयलेट
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं वाले हाईटेक टॉयलेट विकसित करने का भी ऐलान किया. इन जगहों पर साफ-सफाई के साथ महिलाओं की प्राइवेसी और सुरक्षा का भी खास ख्याल रखा जाएगा.
सीएम धामी ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है. इसी सोच के तहत बाजारों, पर्यटन स्थलों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और दूसरी जरूरी जगहों पर बेहतर सुविधाएं तैयार की जाएंगी.
देहरादून में चलेंगी पिंक ई-बसें
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में चलने वाली 100 बसों में 10 को महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के तौर पर समर्पित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगे इस सुविधा को प्रदेश के दूसरे इलाकों तक भी धीरे-धीरे बढ़ाया जाएगा. इससे महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिल सकेगा.
महिला स्वरोजगार योजना में बढ़ी लोन लिमिट
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए धामी सरकार ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत मिलने वाले रियायती बैंक लोन की सीमा भी बढ़ाने का फैसला किया है. अब यह रकम 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये कर दी गई है.
सीएम ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि महिलाओं को रोजगार तलाशने वाली नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाली बनाया जाए. इसके लिए उन्हें अपने काम की शुरुआत करने के लिए जरूरी आर्थिक मदद उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है.
समारोह के दौरान मौजूद महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा. इस मौके पर सीएम ने सभी बहनों का आभार जताया और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं.
