पातालकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस का परिचालन पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रभावित हो रहा है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. शुक्रवार को भी ट्रेन घंटों की देरी से चली और कई यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा.
फिरोजपुर से छिंदवाड़ा आने वाली पातालकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस 20424 सुबह 5 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन करीब पांच घंटे देरी से सुबह 9.48 बजे छिंदवाड़ा पहुंची. इसके बाद ट्रेन सुबह 10.11 बजे सिवनी के लिए रवाना हुई. वापसी में यह ट्रेन सिवनी से छिंदवाड़ा दोपहर 1.42 बजे पहुंची, जबकि इसका निर्धारित समय सुबह 9.15 बजे है.
वहीं, छिंदवाड़ा से फिरोजपुर जाने वाली पातालकोट सुपरफास्ट एक्सप्रेस 20423 भी तय समय से काफी देर से रवाना हुई. सुबह 9.45 बजे की जगह ट्रेन दोपहर 2.10 बजे छिंदवाड़ा से चली. इस देरी के कारण यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा और अन्य जरूरी कामों में परेशानी का सामना करना पड़ा.
कई बड़े स्टेशनों पर भी घंटों लेट रही ट्रेन
फिरोजपुर से निकलने के बाद ट्रेन की देरी बढ़ती चली गई. आगरा में ट्रेन निर्धारित समय दोपहर 2.15 बजे की जगह शाम 5.31 बजे पहुंची. ग्वालियर में भी यह करीब तीन घंटे से ज्यादा देर से पहुंची. भोपाल में ट्रेन की देरी और बढ़ गई, जहां रात 9.50 बजे पहुंचने वाली ट्रेन गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2.54 बजे पहुंची.
भोपाल से छिंदवाड़ा पहुंचे यात्री मोहन चंदेल ने बताया कि ट्रेन की देरी के कारण उन्हें परिवार के साथ करीब छह घंटे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा. ऐसी ही स्थिति कई अन्य यात्रियों की भी रही.
भोपाल और आसपास के यात्रियों की बढ़ी परेशानी
ट्रेन के लगातार लेट होने का असर विदिशा, भोपाल, रानी कमलापति, नर्मदापुरम समेत अन्य स्टेशनों के यात्रियों पर भी पड़ रहा है. यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में घंटों स्टेशन पर रुकना पड़ रहा है.
