रीवा/खबर डिजिटल/ अरविन्द तिवारी/ Rewa News: रीवा संजय गांधी अस्पताल में कल्पना मिश्रा की मौत को लेकर चल रहा विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब ICU में रेजिडेंट डॉक्टरों से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में पहुंचे कुछ अटेंडरों ने ICU में डॉक्टरों के साथ विवाद करते हुए मारपीट की।
धरने पर बैठे रेजिडेंट डॉक्टर
घटना के विरोध में करीब 50 रेजिडेंट डॉक्टरों ने रात 12 बजे काम का बहिष्कार कर अस्पताल परिसर के बाहर धरना शुरू कर दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल में अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए और सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने की मांग की।
अटेंडरों पर मारपीट का आरोप
रेजिडेंट डॉक्टरों का आरोप है कि ICU जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बाहरी लोगों का प्रवेश और डॉक्टरों के साथ विवाद की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। उनका कहना है कि वे कई-कई घंटे मरीजों के इलाज में जुटे रहते हैं, लेकिन अस्पताल परिसर में ही सुरक्षा का भरोसा नहीं है।
डॉक्टरों ने मांग की है कि ICU समेत संवेदनशील वार्डों में अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई जाए, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और डॉक्टरों से मारपीट करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। रेजिडेंट डॉक्टरों ने ठोस आश्वासन नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। फिलहाल इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की ओर से आधिकारिक स्थिति सामने आना बाकी है।
