त्योहारों के सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने यात्रियों के लिए बड़ा फैसला लिया है. यात्रियों की डिमांड और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष किराये पर चल रही 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन को आगे बढ़ा दिया गया है. इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को सफर के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे और नियमित ट्रेनों में भी भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है.
वलसाड-हिसार स्पेशल के फेरे बढ़े
रेलवे के मुताबिक ट्रेन नंबर 04728 वलसाड-हिसार साप्ताहिक स्पेशल अब 15 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 04727 हिसार-वलसाड साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक बढ़ाया गया है.
इसी तरह 09151 उधना-मधुबनी साप्ताहिक स्पेशल 30 सितंबर 2026 तक और 09152 मधुबनी-उधना साप्ताहिक स्पेशल 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगी.
इन ट्रेनों को भी मिला एक्सटेंशन
ट्रेन नंबर 09031 उधना-हसनपुर रोड साप्ताहिक स्पेशल के फेरे 27 सितंबर 2026 तक बढ़ाए गए हैं. इसकी वापसी सेवा 09032 हसनपुर रोड-उधना स्पेशल 29 सितंबर 2026 तक चलेगी.
यात्रियों को एक और राहत देते हुए 09465 अहमदाबाद-दरभंगा साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 27 नवंबर 2026 तक और 09466 दरभंगा-अहमदाबाद साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 30 नवंबर 2026 तक जारी रखने का फैसला किया गया है.
इसके अलावा 04715 बीकानेर-साईनगर शिरडी स्पेशल 28 नवंबर तक और 04716 साईनगर शिरडी-बीकानेर स्पेशल 29 नवंबर 2026 तक चलेगी. वहीं 09627 अजमेर-सोलापुर स्पेशल 25 नवंबर और 09628 सोलापुर-अजमेर स्पेशल 26 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी.
प्रयागराज जंक्शन की जगह यहां मिलेगा ठहराव
रेलवे ने एक अन्य बदलाव भी किया है. उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में न्यू वेस्ट केबिन और प्रयागराज जंक्शन के बीच कॉरिडोर ब्लॉक के चलते ट्रेन नंबर 09031 और 09032 के ठहराव में अस्थायी परिवर्तन किया गया है.
09031 उधना-हसनपुर रोड स्पेशल को 20 सितंबर 2026 से प्रयागराज जंक्शन की जगह सूबेदारगंज स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा. वहीं 09032 हसनपुर रोड-उधना स्पेशल 22 सितंबर 2026 से प्रयागराज जंक्शन के बजाय सूबेदारगंज स्टेशन पर रुकेगी.
PRS और IRCTC से करा सकेंगे बुकिंग
इन स्पेशल ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरों की टिकट बुकिंग यात्री PRS काउंटरों और IRCTC की वेबसाइट से कर सकेंगे. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट बुक करने से पहले ट्रेन का समय, स्टॉपेज और रेक संरचना जरूर जांच लें. ट्रेनों से जुड़ी विस्तृत जानकारी रेलवे की यात्री पूछताछ सेवा के जरिए भी हासिल की जा सकती है.
