सिवनी/राकेश यादव/खबर डिजिटल/ सिवनी के बंडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांद्रा, गोरखपुर कला, बखारी, बांकी सहित आसपास के कई गांवों में घरों और ढाबों से शराब की कथित अवैध बिक्री एवं सप्लाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव-गांव तक शराब पहुंचाए जाने के बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय से इस संबंध में शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से शराब कारोबार से जुड़े लोगों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि शराब ठेके से जुड़े लोगों द्वारा खुलेआम यह दावा किया जाता है कि शिकायतें करने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और सब कुछ ‘मैनेज’ है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को कलारबांकी ग्राम पंचायत में आयोजित जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट नजर आए। ग्रामीणों ने गांवों में शराब की बिक्री और सप्लाई पर तत्काल रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध शराब बिक्री पर अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका असर गांवों के सामाजिक माहौल और युवा पीढ़ी पर भी पड़ सकता है। अब देखना होगा कि जनसुनवाई में उठे इस मुद्दे के बाद प्रशासन और पुलिस द्वारा क्या कार्रवाई की जाती है।
