Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशRailway News: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटा रेलवे... 753 सीसीटीवी कैमरों से...

Railway News: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटा रेलवे… 753 सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे स्टेशन

उज्जैन रेलवे स्टेशन पर विशेष फोकस

इंदौर/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने रेलवे स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। उज्जैन और आसपास के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र, यात्री सूचना प्रणाली और ट्रेन संचालन से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसका मकसद सिंहस्थ के दौरान बढ़ने वाले यात्री दबाव को व्यवस्थित करना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।

8 स्टेशनों पर लगेंगे 753 सीसीटीवी कैमरे
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के सिगनल एवं दूरसंचार विभाग की ओर से उज्जैन सहित 8 रेलवे स्टेशनों पर कुल 753 सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार की गई है। इनमें सबसे अधिक 217 कैमरे उज्जैन रेलवे स्टेशन पर लगाए जाएंगे। प्रस्तावित कैमरों में 194 4K फिक्स्ड, 133 PTZ और 426 फुल एचडी कैमरे शामिल हैं। इन कैमरों के जरिए प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन परिसर, प्रवेश और निकास मार्गों के साथ ही होल्डिंग एरिया पर नजर रखी जा सकेगी। इससे भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

उज्जैन में बनेगा केंद्रीकृत मॉनिटरिंग रूम
सिंहस्थ के दौरान रेलवे की निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए उज्जैन में केंद्रीकृत कंट्रोल-कम-सीसीटीवी मॉनिटरिंग रूम स्थापित किया जाएगा। यहां से सीसीटीवी निगरानी के साथ यात्री सूचना और उद्घोषणा प्रणाली का भी समन्वय किया जा सकेगा। मॉनिटरिंग रूम के जरिए स्टेशन पर भीड़ की स्थिति की लगातार जानकारी मिल सकेगी। जरूरत पड़ने पर रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच तत्काल समन्वय स्थापित कर व्यवस्था को नियंत्रित करने में सहायता मिलेगी।

ट्रेन की जानकारी के लिए आधुनिक सिस्टम
श्रद्धालुओं और यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफॉर्म से जुड़ी जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के लिए यात्री एवं गाड़ी सूचना प्रदर्शन प्रणाली और आधुनिक उद्घोषणा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। इन प्रणालियों के बेहतर संचालन के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल आधारित नेटवर्क और दूरसंचार कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। इससे यात्रियों तक ट्रेन संबंधी सूचनाएं अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सकेंगी।

आसपास के स्टेशनों पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं
सिंहस्थ के दौरान उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम करने के लिए आसपास के स्टेशनों को भी तैयार किया जा रहा है। नईखेड़ी, पवासा, लेकोड़ा, पिंगलेश्वर, विक्रमनगर, मोहनपुरा और चिंतामन गणेश सहित अन्य स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, निगरानी, संचार और परिचालन से जुड़े जरूरी काम किए जा रहे हैं। रेलवे की योजना है कि श्रद्धालुओं की भीड़ को जरूरत के अनुसार आसपास के स्टेशनों की ओर डायवर्ट कर उज्जैन स्टेशन पर अत्यधिक दबाव को कम किया जा सके।

Government Employee News: सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर… लंबी सेवा के बाद पेंशन से वंचित नहीं कर सकते – सुप्रीम कोर्ट

विशेष ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त ट्रैक सुविधाएं
सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनें चलाए जाने की संभावना को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन संचालन से जुड़ी अधोसंरचना पर भी फोकस किया है। नईखेड़ी, पवासा, लेकोड़ा, पिंगलेश्वर, विक्रमनगर और उज्जैन में अतिरिक्त लूप लाइन, स्टेबलिंग लाइन, इमरजेंसी क्रॉसओवर और कॉमन लूप लाइन सहित स्टेशन और यार्ड से जुड़े विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इन सुविधाओं के तैयार होने के बाद विशेष ट्रेनों के रेक को खड़ा करने और ट्रेनों के संचालन को अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

सिंहस्थ के लिए रेलवे की व्यापक तैयारी
सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे की तैयारियों में सुरक्षा, निगरानी, संचार, यात्री सूचना और ट्रेन संचालन सभी पहलुओं को शामिल किया गया है। उज्जैन के साथ आसपास के स्टेशनों को भी मजबूत किए जाने से भीड़ प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है। रेलवे का यह पूरा नेटवर्क सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

अगस्त में फिर महंगा हुआ घर का बजट, प्याज-लहसुन-अदरक के दाम बेकाबू, नए रेट देखकर लगेगा झटका

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट