भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 और 18 सितंबर को मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका पहला मध्य प्रदेश दौरा है. इस दौरान वे इंदौर और उज्जैन में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
इंदौर से शुरू होगा दौरा
नितिन नबीन 17 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे. यहां वे स्वामित्व योजना के तहत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद वे उज्जैन के लिए रवाना होंगे. पार्टी के कार्यक्रम के मुताबिक, उज्जैन में वे शिप्रा नदी के रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उज्जैन में बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान शिप्रा नदी के अलग-अलग घाटों और महाकाल लोक क्षेत्र में 25 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाने की तैयारी है. नितिन नबीन इस आयोजन में शामिल होंगे.
शिप्रा आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
17 सितंबर की शाम नितिन नबीन रामघाट पर शिप्रा आरती में शामिल होंगे. इसके साथ ही ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में भी उनकी भागीदारी होगी. इसके बाद वे भजन संध्या में शामिल होंगे और रात में उज्जैन में ही रुकेंगे.
18 सितंबर को महाकाल की भस्म आरती
दौरे के दूसरे दिन 18 सितंबर की सुबह नितिन नबीन उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे. इसके बाद वे इंदौर के लिए रवाना होंगे और वहां से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे. उनके कार्यक्रम में पहले प्रस्तावित गांधी सागर में चीता रिलीज का कार्यक्रम अब शामिल नहीं है.
सेवा संकल्प अभियान को लेकर BJP की तैयारी
नितिन नबीन के दौरे के साथ ही भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी शुरू हो रहा है. यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है. मध्य प्रदेश में पार्टी ने इसे लेकर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी की है.
प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों ने अभियान के कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से आयोजन को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखने और जनभागीदारी पर जोर देने की बात कही है. अभियान के तहत अगले एक महीने तक प्रदेश में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
