मोदी के जन्मदिन पर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर पूरे देश में अनेकों कार्यक्रम चल रहे हैं। लेकिन जब बात मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव की करे तो केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पूसा नई दिल्ली में सुबह 10 बजे 20 सरपंचों के साथ पौधारोपण करेंगे साथ ही विकसित भारत जीरामजी की कार्यशाला में शामिल होंगे।
वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव आज इंदौर से प्रदेश के 50 लाख ग्रामीण परिवारों को निशुल्क रजिस्ट्री की सौगात दे रहे हैं। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मुख्य आतिथ्य के रूप में शामिल होंगे। जो ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना’ का शुभारंभ करेंगे।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर एक महीने होगा कार्यक्रम
आशीर्वाद का दीया – मोहन सरकार के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कई कार्यक्रम संचालित किये जाएंगे। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन से होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितग्राही परिवारों के घरों में दीए जलाए जाएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में चिन्हित ऐतिहासिक स्थलों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम – प्रदेश सराकर के निर्देशानुसार 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर “आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम” आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बच्चों एवं माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, खेल सामग्री, पठन सामग्री सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की जाएंगी।
सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम – 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक जिले में चिन्हित सेवा गतिविधियों में समाज के सभी वर्गों तथा विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सेवा ज्योति कलश यात्रा – 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से “सेवा ज्योति कलश यात्रा” निकाली जाएगी, जो जिला मुख्यालय पहुंचेगी। जिला मुख्यालय पर विकास पुस्तिका का वितरण किया जाएगा।
सरकार आपके द्वार पहुंचकर देगी योजनाओं का लाभ
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक “सेवा हेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विकासखंड स्तर पर तथा नगरीय निकायों में जोनवार मेगा शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
