मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के उज्जैन दौरे के दौरान उन पर सीधा निशाना साधा है. पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में होने वाली तमाम भर्ती परीक्षाओं की धांधली और पेपर लीक मामलों के पीछे आरएसएस से जुड़े लोगों का हाथ है. उन्होंने कहा कि जब मोहन भागवत युवाओं से संवाद कर रहे हैं, तो उन्हें यह सच्चाई माननी पड़ेगी कि परीक्षा प्रणालियों में आई विकृतियों के शिखर पर संघ के ही लोग काबिज हैं.
भर्ती घोटालों और नियुक्तियों में विचारधारा का प्रभाव
जीतू पटवारी ने नीट मामले में जोशी और मेहरा का नाम उछालते हुए पूछा कि आखिर इनके पीछे कौन सी ताकतें काम कर रही थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के विश्वविद्यालयों में 70 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं, लेकिन वहां केवल आरएसएस की विचारधारा से जुड़े लोगों को ही जगह दी जा रही है. कम अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को तरजीह देकर नौकरियां बांटी जा रही हैं, जबकि ज्यादा अंक वाले योग्य युवा बाहर घूम रहे हैं. इस पूरी प्रक्रिया को सत्ता और संघ ने मिलकर एक नियम की तरह स्थापित कर दिया है.
’छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम और प्रदेश के युवाओं का संकट
शनिवार को इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए पटवारी ने मध्य प्रदेश की शैक्षणिक और रोजगार स्थिति पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि राज्य में 1.04 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां खाली हैं, जबकि रोजगार पोर्टल पर करीब 27 लाख युवा पंजीकृत हैं. MPPSC की कई परीक्षाएं सालों से रुकी हुई हैं, जिससे उम्मीदवारों की उम्र निकल रही है. शिक्षा व्यवस्था का आलम यह है कि UDISE+ के मुताबिक 7,217 स्कूल केवल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं और 2.29 लाख बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हैं.
बेरोजगारी, पलायन और मोहन भागवत को सलाह
पटवारी ने PLFS-2025 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि राज्य के शहरों में युवाओं की बेरोजगारी दर 9.1 प्रतिशत हो चुकी है. डिग्री हासिल करने के बाद भी रोजगार का कोई ठोस रास्ता नजर नहीं आता, जिससे युवाओं को दूसरे राज्यों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. कौशल विकास के नाम पर केवल बातें की जा रही हैं, लेकिन स्थायी रोजगार गायब है. पटवारी ने कहा कि आज का युवा खाली भाषण नहीं, बल्कि भर्ती, परीक्षा और परिणाम का निश्चित कैलेंडर चाहता है. उन्होंने संघ प्रमुख से आग्रह किया कि वे 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की आवाज जरूर सुनें
