मध्य प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर उज्जैन पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार की सुबह भगवान महाकाल के मंदिर में मत्था टेका. वे तड़के लगभग चार बजे मंदिर पहुंचे और प्रसिद्ध भस्म आरती में हिस्सा लिया. करीब डेढ़ घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने पूरे विधान से शिव आराधना की. मंदिर की परंपरा निभाते हुए उन्होंने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही. बातचीत के दौरान नितिन नवीन ने बताया कि उन्होंने बाबा महाकाल से देश की तरक्की, जनता की खुशहाली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आशीर्वाद मांगा है. इस दौरान उनके साथ राज्य के भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद रहे.
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीपोत्सव और स्वामित्व योजना
इससे पहले गुरुवार को नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों का आगाज किया. इस दौरान उज्जैन में एक साथ 25 लाख दीये जलाकर खास माहौल तैयार किया गया. इसी मंच से उन्होंने मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना का शुभारंभ करते हुए प्रतीकात्मक रूप से तीन हितग्राहियों को अपने हाथों से नि:शुल्क जमीन की रजिस्ट्री सौंपी.
सीएम मोहन यादव के प्रयासों की सराहना
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कामकाज की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि साल 2020 में पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने ग्रामीण संपत्ति को लेकर जो विजन रखा था, उसे मध्य प्रदेश सरकार ने पूरी निष्ठा से धरातल पर उतारा है. प्रदेश के 55 जिलों के करीब 41 हजार से ज्यादा गांवों में 68 लाख भूखंडों का सर्वे पूरा हो चुका है. अब तक 50 लाख से अधिक ग्रामीणों को बिना किसी शुल्क के मालिकाना हक देने का बड़ा अभियान सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है.
विपक्ष के तंज का करारा जवाब
विपक्षी दलों की ओर से उठ रहे सवालों पर टिप्पणी करते हुए नितिन नवीन ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब देश के चार करोड़ गरीब परिवारों को अपना पक्का मकान मिलता है, तो वे खुशी से भरकर दुआओं के दीये जलाते हैं. ऐसे में अगर गरीब तबका अपने जननेता को दिल से आशीर्वाद दे रहा है, तो विपक्ष को इस पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए.
