नलखेड़ा/आगर मालवा/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भरी एक कार तेज बहाव वाले बरसाती नाले में बह गई। हादसे में कार सवार सभी 8 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
मृतकों की संख्या
मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण नाला उफान पर था। इसी दौरान श्रद्धालुओं की कार पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते बह गई।
मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान होना बाकी
फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान और हादसे की विस्तृत परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
